कोरबा : जिले के दीपका थाना क्षेत्र में कमेंट को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। किन्नर समाज के लोगों और पिता-पुत्र के बीच करीब 10 मिनट तक लात-घूंसे चलने की बात सामने आई है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक पक्ष ने चाकू और डंडे से हमला किए जाने का आरोप लगाया है।
कमेंट को लेकर शुरू हुई कहासुनी
जानकारी के मुताबिक, किन्नर समाज के कुछ लोग दीपका क्षेत्र में ढोलक बजाते हुए दुकानों में बधाई मांग रहे थे। इसी दौरान दीपका चौक स्थित संजय पान पैलेस के पास किसी बात को लेकर कमेंट किए जाने पर किन्नरों और वहां मौजूद लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
पिता पर हमले की सूचना पर पहुंचा बेटा
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान केजे सिंह कंपनी में काम करने वाले पंकज सिंह के साथ मारपीट हुई। आरोप है कि किन्नरों की ओर से चाकू और डंडे से हमला किया गया, जिसमें पंकज सिंह को चाकू लगने से चोट आई।
पिता के साथ मारपीट की जानकारी मिलने के बाद उनका बेटा प्रतीक सिंह भी मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसके साथ भी मारपीट की गई।
करीब 10 मिनट तक चलता रहा हंगामा
घटना के दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट होती रही। बताया जा रहा है कि करीब 10 मिनट तक लात-घूंसे चलने से मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई: पुलिस
दीपका थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार, लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




