Home छत्तीसगढ़ ‘सात वचन’ और ‘पुलिस मितान’ मॉडल की चर्चा पूरे प्रदेश में, अब...

‘सात वचन’ और ‘पुलिस मितान’ मॉडल की चर्चा पूरे प्रदेश में, अब सड़क सुरक्षा पर जशपुर पुलिस का फोकस

0

जशपुर : जशपुर जिले में पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहभागिता को मजबूत करने के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह (आईपीएस) द्वारा संचालित जनहितकारी पहलें ‘सात वचन’, ‘पुलिस मितान’ और ‘जन चौपाल’ आज पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इन नवाचारों को लेकर मुख्यमंत्री द्वारा भी सराहना किए जाने के बाद जशपुर पुलिस का जनसेवा मॉडल राज्यभर में एक मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

इसी कड़ी में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस ने वर्ष 2026 के लिए सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने तथा कम से कम 50 लोगों की जान बचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुलिस गांव-गांव पहुंचकर पुलिस जन चौपाल आयोजित कर रही है और पुलिस मितान तथा आमजन के सहयोग से सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान चला रही है।

हेलमेट जागरूकता अभियान का दिख रहा असर

जशपुर पुलिस द्वारा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। अभियान का सकारात्मक प्रभाव यह है कि बिना चालान की कार्रवाई किए ही जिले में लगभग 25 से 30 प्रतिशत लोगों ने हेलमेट पहनना शुरू कर दिया है। यह बदलाव जनभागीदारी और जागरूकता आधारित पुलिसिंग की सफलता को दर्शाता है।

24 जून को विशेष ग्रामसभाओं में पहुंचेगी जशपुर पुलिस

आगामी 24 जून 2026 को प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में आयोजित होने वाली विशेष ग्रामसभाओं में जशपुर पुलिस भी सक्रिय भागीदारी करेगी। इस दौरान ग्राम सरपंच, पंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश देंगे।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ग्रामसभाओं में हेलमेट की अनिवार्यता, नशे की हालत में वाहन न चलाने, यातायात नियमों के पालन तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर लोगों को जागरूक करेगी।

जनभागीदारी से सुरक्षित जशपुर की ओर कदम

डॉ. लाल उमेद सिंह का मानना है कि सड़क दुर्घटनाओं को केवल कानूनी कार्रवाई से नहीं बल्कि जनजागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी से कम किया जा सकता है। यही कारण है कि जशपुर पुलिस दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ संवाद, जागरूकता और जनसहभागिता पर विशेष जोर दे रही है।

‘सात वचन’, ‘पुलिस मितान’, ‘जन चौपाल’ और सड़क सुरक्षा अभियान जैसे नवाचारों के जरिए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह जशपुर में जनहित, जनविश्वास और जनसुरक्षा का एक नया अध्याय लिख रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here