सुरेश मिनोचा अनूपपुर : जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक 01 में निर्माणाधीन एक भवन के लिए सड़क के बीचों-बीच निर्माण सामग्री गिराए जाने और फैला दिए जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति उस समय और अधिक संवेदनशील हो गई जब वार्ड क्रमांक 6 की एक दिवंगत महिला की शवयात्रा को मुक्तिधाम ले जाने के दौरान लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों को सड़क पर फैली निर्माण सामग्री के ऊपर से काफी मशक्कत के बाद शवयात्रा निकालनी पड़ी।
वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद गणेश रौतेल ने आरोप लगाया कि संबंधित भवन का निर्माण बिना आवश्यक अनुमति के किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निर्माण सामग्री को सार्वजनिक मार्ग पर इस तरह फैला दिया गया कि आम नागरिकों के साथ-साथ अंतिम यात्रा में शामिल लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया। सीएमओ के दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया, किंतु उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने तत्काल अनूपपुर एसडीएम को स्थिति की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार की मनमानी, भवन स्वामी की हठधर्मिता तथा नगर पालिका की उदासीनता के कारण वार्ड क्रमांक 01 एवं 06 के रहवासियों को पूरे दिन परेशानियों का सामना करना पड़ा। नागरिकों ने प्रश्न उठाया कि यदि निर्माण कार्य की अनुमति नहीं है तो संबंधित विभाग द्वारा समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
यह क्षेत्र नगर पालिका अध्यक्ष अंजुलिका शैलेंद्र सिंह के वार्ड से भी जुड़ा हुआ है। इसके बावजूद सार्वजनिक मार्ग पर निर्माण सामग्री डालकर आवागमन बाधित किए जाने की घटना ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि सार्वजनिक मार्ग को बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की ।



