Home छत्तीसगढ़ विंडो AC फटने से घर में लगी भीषण आग, पिता की मौत;...

विंडो AC फटने से घर में लगी भीषण आग, पिता की मौत; बेटा गंभीर रूप से घायल

0

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। घर में लगे विंडो एसी ब्लास्ट होने के बाद भीषण आग लग गई, जिससे घर में सो रहे पिता-पुत्र आग की चपेट में आ गए। हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है। यह घटना आईटीआई कॉलोनी क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद पुरुषोत्तम पटेल और उनके बेटे राजवीर पटेल को संभलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने घर से धुआं और आग की लपटें निकलती देख तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई।

मोहल्लेवासियों ने तोड़ा ताला, बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर का दरवाजा बंद होने के कारण मोहल्लेवासियों ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पिता-पुत्र को बाहर निकाला। हालांकि तब तक पुरुषोत्तम पटेल गंभीर रूप से झुलस चुके थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके पुत्र राजवीर पटेल गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिनका इलाज जारी है।

घर का पूरा सामान जलकर खाक

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया है। घर में खड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह खाक हो गईं। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, घायल राजवीर पटेल का हाल ही में 19वां जन्मदिन मनाया गया था। जन्मदिन की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं।

एंबुलेंस और पुलिस की देरी पर उठे सवाल

घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस और पुलिस समय पर नहीं पहुंची, जिसके कारण राहत एवं बचाव कार्य में देरी हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग की टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह विंडो एसी में ब्लास्ट को माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here