सीएम हेल्पलाइन में दर्ज कराई शिकायत

चिरमिरी :चिरमिरी शहर में कथित रूप से मिलावटी शराब की बिक्री को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जिला उपाध्यक्ष और पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने बड़ा मुद्दा उठाया है। सीएम हेल्पलाईन में शिकायत के बाद जब आबकारी विभाग की टीम ने बताये गये दुकानों पर दबिश दी तो शहर में नकली और मिलावटी शराब से परेशान लोगों में कौतुहल का माहौल देखने को मिला। जनता की ओर से निरन्तर आ रही शिकायत के मद्देनजर कार्यवाही के लिये यह साहस दिखाने वाले कांग्रेस नेता ने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया है कि चिरमिरी शहर की कमोबेश सभी देशी और अंग्रेजी शराब दुकानों में वर्षों से मिलावटी शराब का काला कारोबार चल रहा है लेकिन जानकारी होने के बावजूद भी आपसी मिलीभगत के कारण जिम्मेदार विभाग कार्यवाही करने के बजाय मौन रहते हैं। इसमें सत्ताधारी दल के राजनैतिक बिचौलियों की भी बड़ी भूमिका रहती है।
अपने शिकायत पर मंगलवार को हुई कार्यवाही के बारे में बात करते हुए पूर्व महापौर के. डोमरू रेड्डी ने बताया कि उन्हें लगातार शराब उपभोक्ताओं से शिकायतें मिल रही थीं कि शराब की गुणवत्ता लगातार खराब है और उसमें कथित रूप से मिलावट की जा रही है। शिकायतों के बाद उन्होंने स्वयं कई शराब दुकानों के आसपास के माहौल का निरीक्षण कर और समय – समय पर शराब खरीददारों से जानकारी एकत्रित किया और फिर पूरे मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में ऑनलाइन दर्ज कराई। जिस पर शिकायत के बाद जांच तो हुई लेकिन किसी भी शराब दुकान या भंडारण स्थल पर मिलावटी शराब नहीं मिली। उनका कहना है कि यदि पहले से सूचना लीक हो जाये तो सबूत मिलना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार और मिलीभगत के कारण प्रभावी कार्यवाही नहीं हो पा रही है। हालाकि आबकारी विभाग के जाँच टीम के समक्ष ही डोमनहिल, गोदरीपारा और छोटी बाजार शराब दुकानों में शराब खरीद रहे ग्राहकों से पूछने पर उन्होने टीम को बताया है कि पानी मिला हुआ, पतला शराब बिकता है लेकिन आज जब आप लोग आये हो तो आज तो अच्छा मिलेगा ही। उन्होंने यह भी कहा कि शराब दुकानों में स्थानीय राजनैतिक संरक्षण में प्लेसमेंट एजेंसी के लोगों की नियुक्ति और विभागीय निगरानी व्यवस्था की कमी के कारण गड़बड़ियों की आशंका बनी रहती है साथ ही उन्होंने मांग की कि शराब दुकानों को घनी आबादी और मुख्य सड़क के किनारे संचालित नहीं किया जाना चाहिये और सरकार को इस संबंध में नियमों का सख्ती से पालन कराना चाहिये। के. डोमरू रेड्डी ने राज्य सरकार और आबकारी विभाग से निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करने और चिरमिरी में कथित मिलावटी शराब के कारोबार और इनके संरक्षण से गली मोहल्ले में बेधड़क बिक रहे शराब पर स्थायी रोक लगाने की माँग की है।



