Home छत्तीसगढ़ चिरमिरी–चैनपुर सड़क निर्माण में बिजली व PWD विभाग की सुस्ती बनी बाधा,...

चिरमिरी–चैनपुर सड़क निर्माण में बिजली व PWD विभाग की सुस्ती बनी बाधा, एक वर्ष बाद भी नहीं हटीं विद्युत लाइनें

0

चिरमिरी/मनेंद्रगढ़ : चिरमिरी–चैनपुर सड़क चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग के बीच समन्वय के अभाव में प्रभावित हो रहा है। सड़क के बीचोंबीच खड़े 33 केवी, 11 केवी और एलटी विद्युत पोल एवं लाइनें अब तक नहीं हटाई जा सकी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गति धीमी पड़ गई है।

प्राप्त आधिकारिक दस्तावेज़ के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) मनेन्द्रगढ़ ने 19 जून 2025 को सड़क चौड़ीकरण के लिए विद्युत लाइन शिफ्टिंग एवं हाइट राइजिंग का ₹6,82,945 का अनुमान स्वीकृत किया था। पत्र में स्पष्ट उल्लेख है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने और निर्धारित राशि जमा होने के बाद ही कार्यादेश (वर्क ऑर्डर) जारी किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया था कि 15 दिनों के भीतर भुगतान नहीं होने पर डिमांड नोट स्वतः निरस्त माना जाएगा।

इधर, लोक निर्माण विभाग विद्युत यांत्रिकी विभाग के उप संभागीय अधिकारी (एसडीओ) ने बताया कि संबंधित कार्य का वर्क ऑर्डर जारी नहीं हो सका, क्योंकि डिमांड नोट की वैधता समाप्त हो चुकी है। अब प्रकरण को संशोधित (रिवाइज) डिमांड नोट तैयार कर मुख्यालय अंबिकापुर भेजा गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।

इस प्रशासनिक देरी का सीधा असर सड़क निर्माण पर पड़ रहा है। निर्माण एजेंसी कई स्थानों पर विद्युत पोल और लाइनों के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ा पा रही है। सड़क के बीच खड़े पोल न केवल निर्माण में बाधा बने हुए हैं, बल्कि आम लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा भी पैदा कर रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र विद्युत लाइन शिफ्टिंग का कार्य पूरा कराएं, ताकि सड़क निर्माण समय पर पूर्ण हो सके और लोगों को सुरक्षित एवं बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here