Home छत्तीसगढ़ बार-बार बिजली कटौती से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिजली कार्यालय का घेराव...

बार-बार बिजली कटौती से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बिजली कार्यालय का घेराव कर जताया विरोध

0

सकरी। (कैलाश वस्त्रकार) क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश बुधवार को सामने आया। ग्राम पंचायत एवं आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने गनियारी स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और नियमित विद्युत आपूर्ति की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बिजली बंद रहने से पेयजल संकट गहरा गया है। बिजली नहीं मिलने के कारण जलापूर्ति बाधित हो रही है, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों एवं आम उपभोक्ताओं को भी लगातार हो रही कटौती से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस दौरान तखतपुर जनपद पंचायत के सभापति अरुण चौहान, ग्राम पंचायत के सरपंच जगतराम साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कनिष्ठ अभियंता (जेई) दीप्ति जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने तथा नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

जेई दीप्ति जायसवाल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराने एवं आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीण शांतिपूर्वक वापस लौटे, साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे पुनः आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here