Home छत्तीसगढ़ Korea News: जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोक्तिमा यादव...

Korea News: जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोक्तिमा यादव सख्त, बरडिया जल प्रदाय योजना समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

0

कोरिया :  कलेक्टर रोक्तिमा यादव की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा संचालित जल जीवन मिशन एवं अन्य पेयजल योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान कलेक्टर यादव ने हर घर जल एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के किसी भी नागरिक को पेयजल संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी निर्माणाधीन अधोसंरचनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने विशेष रूप से समूह जल प्रदाय योजना बरदिया को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों को शीघ्र सुरक्षित एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

समीक्षा के दौरान यह भी पाया गया कि जिले की 35 ग्राम पंचायतों में पूर्ण हो चुकी जल प्रदाय योजनाओं का हस्तांतरण अभी तक ग्राम पंचायतों को नहीं किया गया है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी पूर्ण योजनाओं का शीघ्र हैंडओवर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव प्रभावी रूप से किया जा सके।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने अथवा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता, तथा जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के विभिन्न सदस्य उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here