एमसीबी : विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जनपद पंचायत भरतपुर के सभागार में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में “विकसित भारत – G RAM G Act, 2025” के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनभागीदारी और आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण पर व्यापक मंथन हुआ।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती यशवंती सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष मायाप्रताप सिंह ने की। इस अवसर पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजय सिंह राठौर, कार्यक्रम अधिकारी रमणीक कुमार गुप्ता, जनपद सदस्य, विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न आयामों पर विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की गई। रोजगार सृजन, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के वैज्ञानिक प्रबंधन, ग्रामीण अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को विकसित भारत की आधारशिला बताते हुए वक्ताओं ने योजनाओं को पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ धरातल पर उतारने पर विशेष बल दिया।
वक्ताओं ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब गांव आत्मनिर्भर, समृद्ध और सशक्त बनेंगे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीण समुदाय के बीच बेहतर समन्वय, सक्रिय सहभागिता और जवाबदेही आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से विकास कार्यों को मिशन मोड में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।



