मनेंद्रगढ़ : संवेदनशीलता और सेवा भाव का परिचय देते हुए नालसा (वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा) योजना-2016 के तहत शनिवार को ग्राम पंचायत बंजी (बाजार पारा) में एक निराश्रित वृद्ध महिला का रेस्क्यू कर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैकुंठपुर के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देशानुसार आयोजित विधिक साक्षरता एवं मध्यस्थता जागरूकता अभियान के दौरान अधिकार मित्र अंजनी यादव को लगभग 80 वर्षीय रामकुंवर, पति स्वर्गीय समयलाल, ग्राम पंचायत के प्रतीक्षालय में अत्यंत दयनीय स्थिति में मिलीं।
ग्रामीणों ने बताया कि वृद्धा का भरण-पोषण करने वाला कोई नहीं है। वे आसपास के लोगों से भोजन मांगकर अपना जीवन-यापन करती हैं। चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण वे घिसटकर चलती हैं तथा उनके एक पैर में गंभीर चोट भी है।
स्थिति की जानकारी तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव को दी गई। उनके निर्देश पर समाज कल्याण विभाग से समन्वय स्थापित किया गया तथा ग्राम पंचायत बंजी के सरपंच के सहयोग से आवश्यक आवेदन और पंचनामा तैयार किया गया।
शाम लगभग 5:30 बजे सिटी कोतवाली थाना, मनेंद्रगढ़ की पुलिस टीम—पीएसआई शोमी वर्मा, पीएसआई मनीष साहू एवं आरक्षक ज्ञानेंद्र राजवाड़े—ने अधिकार मित्र अंजनी यादव के सहयोग से वृद्धा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
इसके बाद उन्हें लायंस वृद्धाश्रम, मनेंद्रगढ़ ले जाया गया। स्वास्थ्य की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मनेंद्रगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
यह कार्रवाई न केवल नालसा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि प्रशासन, पुलिस, समाज कल्याण विभाग और ग्राम पंचायत के समन्वित प्रयास से जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सकती है।



