एमसीबी : मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना योजना के तहत जिले में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, कार्यपालन अभियंता (संभाग) मनेन्द्रगढ़ द्वारा जानकारी दी गई है कि ग्राम देवाड़ांड में नवनिर्मित 33/11 केवी उपकेंद्र से संबंधित 11 केवी विद्युत लाइन को आज विद्युत प्रवाह प्रारंभ किया जाएगा।
यह 11 केवी लाइन ग्राम कोचका, देवाड़ांड, सलका और कटकोना से होकर गुजरी है। विद्युत प्रवाह शुरू होने के बाद इन क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय होगी, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाओं का लाभ मिलेगा।
कार्यपालन अभियंता ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि विद्युत लाइन चालू होने के बाद सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन करें। भारतीय विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार लाइन, विद्युत तारों एवं स्टे वायर से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। ऐसा करना जान-माल के लिए खतरा पैदा कर सकता है।
विद्युत विभाग ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित विद्युत उपयोग एवं सतर्कता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। साथ ही सभी नागरिकों से ऊर्जा संरक्षण को अपनाते हुए “स्वहित एवं राष्ट्रहित में ऊर्जा की बचत करें” का संदेश भी दिया गया है।



