Home देश पवित्र नगरी में दो दिनों से रुक रुककर झमाझम बारिश का दौर...

पवित्र नगरी में दो दिनों से रुक रुककर झमाझम बारिश का दौर जारी, पर्यटकों की हुई कमी

0

अनूपपुर : प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थ स्थल पवित्र नगरी अमरकंटक में विगत दो दिनों से झमाझम मूसलाधार वर्षा का सिलसिला लगातार जारी है। अषाढ़ माह के आगमन के साथ ही क्षेत्र में मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है और प्रकृति अपने वास्तविक स्वरूप में दिखाई दे रही है।

5 जुलाई 2026, रविवार से तेज गर्जना, बादलों की गड़गड़ाहट और रुक-रुककर हो रही मूसलाधार वर्षा का क्रम प्रारंभ हुआ, जो रातभर कभी तेज, कभी मध्यम और कभी हल्की बारिश के रूप में जारी रहा। 6 जुलाई, सोमवार को भी समाचार लिखे जाने तक लगातार वर्षा होती रही। आसमान में घने काले बादलों का डेरा बना रहा तथा बीच-बीच में घना कोहरा छाने से वातावरण और भी मनमोहक हो गया।

लगातार हो रही वर्षा के कारण अमरकंटक आने वाले पर्यटकों एवं तीर्थयात्रियों की संख्या में अन्य दिनों की अपेक्षा कमी देखी गई। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खेती-किसानी के कार्यों, जुताई एवं बुवाई में जुट गए हैं, जिससे बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल रही।

दो दिनों से लगातार हो रही वर्षा के चलते पवित्र नगरी अमरकंटक का मौसम अत्यंत ठंडा एवं खुशनुमा हो गया है। मौसम के इस मनोहारी स्वरूप ने अमरकंटक की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। चारों ओर हरियाली, बादलों की आवाजाही, रिमझिम वर्षा और घने कोहरे का अद्भुत दृश्य श्रद्धालुओं एवं प्रकृति प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here