रायपुर : छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र परिवारों के हित में केंद्र सरकार से महत्वपूर्ण पहल करने का आग्रह किया है। उन्होंने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के दौरान सामने आई तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं का उल्लेख करते हुए सर्वे से वंचित रह गए पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
अपने पत्र में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई देते हुए ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना की। साथ ही उन्होंने सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री द्वारा दिए गए उस आश्वासन का उल्लेख किया, जिसमें कहा गया था कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित नहीं रहेगा।
विजय शर्मा ने बताया कि 24 जून को प्रदेशभर की ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2.0 की पात्रता सूची प्रस्तुत की गई थी। इस दौरान कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आईं। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के समय कई पात्र परिवार पलायन अथवा अन्य कारणों से अपने गांव में मौजूद नहीं थे, जिसके चलते उनका सर्वे नहीं हो सका और वे पात्रता सूची में शामिल होने से वंचित रह गए।
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ परिवारों का सर्वेक्षण पूरा होने के बावजूद तकनीकी त्रुटियों या पोर्टल संबंधी समस्याओं के कारण उनकी जानकारी ऑनलाइन अपडेट नहीं हो सकी। परिणामस्वरूप ग्राम सभा में उनकी पात्रता दर्ज नहीं हो पाई, जबकि वे योजना का लाभ पाने के लिए पूरी तरह पात्र हैं।
उपमुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि इन परिस्थितियों के कारण प्रदेश के बड़ी संख्या में पात्र परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभ से वंचित रह गए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक निर्णय लेकर ऐसे सभी पात्र हितग्राहियों को योजना में शामिल करने की व्यवस्था की जाए।
पत्र के अंत में विजय शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर पात्र परिवार को पक्का आवास’ के संकल्प को पूरी तरह साकार करने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई। साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रति केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा दिए जा रहे निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।



