चरचा : चरचा थाना पुलिस ने नाबालिग बच्ची के अपहरण एवं दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ घंटों के भीतर अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था, जबकि लगातार तलाश के बाद आरोपी को 14 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना चरचा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 जुलाई की रात एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस आया, मारपीट की और नाबालिग बच्ची का अपहरण कर ले गया। रिपोर्ट के आधार पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 101/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना तथा साइबर सेल की सहायता से आरोपी की पहचान ग्राम तिलवनडांड निवासी विजय सिंह उर्फ पप्पू (28 वर्ष) के रूप में की। पहचान परेड में पीड़िता एवं उसकी मां ने आरोपी की पहचान की, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना चरचा पुलिस, साइबर सेल तथा पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना नियमानुसार आगे जारी है।



