कोतमा/अनूपपुर : नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतमा पुलिस ने रात्रिकालीन वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 किलो 58 ग्राम गांजा, तीन जिंदा कारतूस, 37,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक वाई-फाई डोंगल तथा करीब 12 लाख रुपये कीमत की ग्रैंड विटारा कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी कोतमा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नांबर शुक्ल के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। 13 जुलाई की रात ग्राम पथरौड़ी स्थित एंजल किराना स्टोर के सामने वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार (एमपी-18-ज़ेडई-5709) पुलिस को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने लगी। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
वाहन में सवार चालक शिवा विश्वकर्मा (30 वर्ष), निवासी लालपुर, थाना बुढ़ार, जिला शहडोल तथा रेखा उर्फ मनीषा गुप्ता (35 वर्ष), निवासी हनुमान नगर, नई बस्ती, थाना कोलगवां, जिला सतना से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान वाहन से 3.058 किलोग्राम गांजा, तीन .32 बोर के जिंदा कारतूस, 37,300 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, जियो कंपनी का वाई-फाई डोंगल, दो बैग और ग्रैंड विटारा कार बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतमा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नांबर शुक्ल सहित थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अनूपपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



