मनेन्द्रगढ़ : भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ, जिला एमसीबी द्वारा बुधवार 15 जुलाई 2026 को प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं शिक्षा प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पदाधिकारी सतीश उपाध्याय के निवास पर संकुल स्त्रोत केंद्र समन्वयक मनीष कुमार यादव का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। यह सम्मान उन्हें शासकीय माध्यमिक शाला डोमनापारा में आग लगने की घटना के दौरान साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बच्चों एवं विद्यालय को बड़ी दुर्घटना से बचाने के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को मनेंद्रगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर स्थित शासकीय माध्यमिक शाला डोमनापारा के मध्यान्ह भोजन किचन शेड में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रधान पाठक ने फायर ब्रिगेड एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन प्रसाद पांडे को अवगत कराया।
सूचना मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन प्रसाद पांडे, कार्यालय में मौजूद संकुल स्त्रोत केंद्र समन्वयक मनीष कुमार यादव के साथ तत्काल विद्यालय पहुंचे। मौके की गंभीरता को देखते हुए मनीष यादव ने पहले रेत डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग कम होते ही उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना जलते हुए गैस सिलेंडर को हाथों से उठाकर किचन शेड से बाहर निकाला और दौड़ते हुए खुले मैदान में ले जाकर फेंक दिया। उनके इस साहसिक कदम से विद्यालय भवन, बच्चों एवं विद्यालय परिवार को संभावित बड़ी दुर्घटना से सुरक्षित बचा लिया गया।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि मनीष कुमार यादव ने अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है। साथ ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी विपिन प्रसाद पांडे के कुशल नेतृत्व और त्वरित निर्णय की भी सराहना की गई।
इस अवसर पर जिला संयोजक गोपाल प्रसाद बुनकर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतीश उपाध्याय, जिला सह संयोजक अमृतलाल तिवारी, जिला कार्यालय प्रभारी गणेश प्रसाद यादव, जिला सोशल मीडिया प्रभारी मनोहर लाल खियानी, जिला कार्यसमिति सदस्य शिव कुमार नागर, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक शिवमूर्ति सिंह, व्याख्याता मनीष कुमार गुप्ता, योग शिक्षिका श्रीमती नीलू सिंह, श्रीमती हर्षलता खियानी तथा श्रीमती रेखा उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मनीष कुमार यादव के साहसिक कार्य की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।



