Home देश रथ यात्रा में जेबकतरों पर चला पुलिस का डंडा, 103 आरोपी गिरफ्तार,...

रथ यात्रा में जेबकतरों पर चला पुलिस का डंडा, 103 आरोपी गिरफ्तार, 203 मोबाइल बरामद

0

ओडिशा के पुरी में रथ यात्रा के दौरान श्रीजगन्नाथ धाम में लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे। इतनी बड़ी भीड़ को देखते हुए पुरी पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इसी के तहत स्नेचिंग, जेबकतरी और चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विशेष एंटी-स्नैचिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान पुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस दौरान हुई चोरी का खुलासा करते हुए अब तक 103 स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 203 चोरी हुए मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ये मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए जाएंगे।

पुलिस की टीम करती रही निगरानी

जानकारी के मुताबिक, रथ यात्रा के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस, विशेष एंटी-स्नैचिंग टीम और सिविल ड्रेस में तैनात पुलिसकर्मियों ने मिलकर लगातार निगरानी की। भीड़भाड़ वाले इलाकों में संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखी गई, जिससे झपटमारी की घटनाओं को रोकने में काफी मदद मिली। सुरक्षा व्यवस्था के तहत ग्रैंड रोड, श्रीजगन्नाथ मंदिर के आसपास का क्षेत्र, समुद्र तट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पार्किंग स्थल और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। इन स्थानों पर पुलिस ने चौबीसों घंटे ड्यूटी करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखी।

चोरी करने वाले आरोपियों को किया गिरफ्तार

एंटी-स्नैचिंग टीमों ने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, खुफिया सूचनाओं और आधुनिक जांच तकनीकों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें समय रहते गिरफ्तार किया। इसी वजह से रथ यात्रा के दौरान स्नैचिंग की घटनाओं पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सका। चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर आरोपियों तक पहुंचना इस अभियान की बड़ी उपलब्धि है। इससे न केवल लोगों की संपत्ति वापस मिल सकेगी, बल्कि ऐसे अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित होगी।

पुलिस ने आम लोगों से की अपील

पुरी पुलिस हमेशा श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील करती है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने मोबाइल फोन, पर्स, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे या झपटमारी जैसी कोई घटना हो, तो उसकी सूचना तुरंत पास में मौजूद पुलिसकर्मी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। पुरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। एंटी-स्नैचिंग अभियान आगे भी और अधिक सख्ती से जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here