रायपुर : नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्रियों के जनता की गलती से मंत्री बनने और दुकानदारी चलाने के आरोप पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि यह बयान प्रदेश की जनता का अपमान है. लोकतंत्र का अपमान करने वाले लोगों को जनता अच्छे से सबक सिखा रही है.
मंत्री रामविचार नेताम ने डॉ. महंत के बयान पर कहा कि पिछली सरकार के 5 साल की जो उपलब्धियां रही है, उनमें भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं है. कोयला के दलाली, शराब माफिया, डीएमएफ घोटाले सहित कई घोटाले रहे. सूपा बोले तो बोले, चलनी भी बोले तो क्या चलेगा?
वहीं राहुल गांधी के NEET को लेकर ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भागीदारी को लेकर रामविचार नेताम ने कहा कि सब राजनीतिक विषय ला रहे है. इसमें राजनीति घुसाया जा रहा है. वस्तु स्थिति यह है कि जो गड़बड़ियां हुई है, उसके खिलाफ कार्यवाही भी हुई है. इसके साथ भविष्य में गड़बड़ी हो उसके लिए भी सरकार चौकन्नी है.
इतनी हत्याओं को साथ में लेकर प्रधानमंत्री कैसे विश्वगुरु बनेंगे नेता प्रतिपक्ष के इस तंज पर नेताम ने कहा ऐसा नहीं होना चाहिए. इस तरह के मुद्दे लाकर जनमानस की मानसिकता बदलने का प्रयास किया जा रहा है. राजनीतिकरण किया जा रहा है.
छात्रों के साथ हमारी सरकार खड़ी है. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भविष्य को संवारने-सजाने के लक्ष्य लेकर काम हो रहा है.



