अनूपपुर : जिले में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत यातायात पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो ट्रक और एक पिकअप वाहन जब्त किए हैं। तीनों वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जा रही है। इसी दौरान यातायात पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों को पकड़कर उनके वाहन जब्त किए।
पुलिस के अनुसार, नशे की हालत में वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। अभियान का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना है कि शराब पीकर वाहन चलाना स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्होंने शराब का सेवन किया है तो किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। आवश्यकता होने पर वैकल्पिक साधन का उपयोग करें और सुरक्षित व जिम्मेदार यातायात का परिचय दें।
पुलिस ने बताया कि “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत जिलेभर में ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध सघन जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।



