Home देश स्कूली वाहनों पर यातायात पुलिस का ‘ऑपरेशन सेफ्टी’, दो दिन में 47...

स्कूली वाहनों पर यातायात पुलिस का ‘ऑपरेशन सेफ्टी’, दो दिन में 47 चालान

0

₹1.32 लाख से अधिक का जुर्माना, नाबालिग चालकों व ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्त कार्रवाई

अनूपपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब (आईपीएस) के निर्देशन में यातायात पुलिस ने जिलेभर में स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष सघन जांच अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस अभियान में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संचालकों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए 47 चालान बनाए गए तथा कुल 1 लाख 32 हजार 600 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।

यातायात पुलिस के अनुसार 20 जुलाई को 17 चालानों पर 66 हजार रुपये तथा 21 जुलाई की दोपहर तक 30 चालानों पर 66 हजार 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान के दौरान 12 नाबालिग वाहन चालक वाहन चलाते मिले, जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

इसके अलावा 5 व्यावसायिक वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके वाहन जब्त कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई। जांच में 13 वाहन परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते, 2 वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र, 1 चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस तथा 1 वाहन बिना बीमा के संचालित मिलता पाया गया। सभी मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने स्कूल वाहन संचालकों को चेतावनी दी है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना फिटनेस, आवश्यक सुरक्षा उपकरणों, वैध दस्तावेजों अथवा नियमों के विपरीत संचालित होने वाले स्कूल वाहनों के विरुद्ध आगे भी लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here