अनूपपुर : जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने 750 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। कार्रवाई के दौरान गांजा के साथ उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में बिजुरी पुलिस ने 18 जुलाई को पंचमुखी हनुमान मंदिर, लोहसरा रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बहेराबांध की ओर से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बाइक के हैंडल में टंगे सफेद रंग के झोले से काले प्लास्टिक बैग में रखा 750 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम हेतराम जोगी (50 वर्ष), निवासी बेलिया बड़ी थाना कोतमा, हाल निवासी वार्ड क्रमांक 7 भालूगुडार, बिजुरी बताया।
पुलिस ने मौके पर गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, उपनिरीक्षक प्रभाकर पटेल, आरक्षक रवि सिंह, रामनिवास गुर्जर, संगम तोमर सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



