Home छत्तीसगढ़ सिर्फ गिरफ्तारी नहीं! धमतरी पुलिस ने तस्करों की करोड़ों की कमाई पर...

सिर्फ गिरफ्तारी नहीं! धमतरी पुलिस ने तस्करों की करोड़ों की कमाई पर कसा शिकंजा, ₹35.85 लाख की संपत्ति फ्रीज

0

धमतरी :  छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध कमाई पर सीधा आर्थिक प्रहार किया है। जिले में पहली बार SAFEMA और NDPS Act के तहत नशे के कारोबार से जुड़ी ₹35.85 लाख से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है।

पुलिस के मुताबिक, नगर पुलिस अधीक्षक धमतरी और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी की टीम ने आरोपियों की संपत्तियों की गहन वित्तीय जांच की। जांच के दौरान बैंक खातों, फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा योजनाओं, वाहनों और अचल संपत्तियों में कथित अवैध कमाई के निवेश से जुड़ी जानकारी सामने आई।

इसके बाद NDPS Act, 1985 की धारा 68F के तहत संबंधित संपत्तियों को फ्रीज कर प्रकरण सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPSA, मुंबई के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध साक्ष्यों और दस्तावेजों के आधार पर इन संपत्तियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से जुड़ा पाया गया।

SAFEMA के तहत पहला मामला

पहले मामले में आरोपी आरती रजक, पत्नी स्वर्गीय राम रजक से संबंधित बैंक खातों और निवेश की जांच की गई। जांच के बाद कुल ₹12,93,636.76 की संपत्ति फ्रीज की गई। इसमें बैंक खाता, फिक्स्ड डिपॉजिट और अन्य वित्तीय निवेश शामिल हैं।

दूसरे मामले में ₹22.91 लाख की संपत्ति फ्रीज

दूसरे मामले में आरोपी करण सिंह धुरी, उसकी पत्नी उषा बाई धुरी और पुत्री जाइका धुरी से संबंधित बैंक खातों, वाहनों और अचल संपत्तियों की जांच की गई। इस कार्रवाई में कुल ₹22,91,479.75 की संपत्ति फ्रीज की गई।

इस तरह दोनों मामलों में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आरोपियों की कुल ₹35,85,116.51 की चल-अचल संपत्ति फ्रीज की गई है।

पुलिस के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत साक्ष्यों और अभिलेखों के आधार पर संबंधित संपत्तियों को अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और उससे अर्जित आय से जुड़ा पाया गया है।

पुलिस का साफ संदेश- सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, अवैध कमाई पर भी प्रहार

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई अब केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। तस्करों की अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों की वित्तीय जांच कर कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को आर्थिक रूप से कमजोर करने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम लोगों से की अपील

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन, संग्रहण या अन्य किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here