भगवान शिव को बेलपत्र चढ़ाना अत्यंत शुभ माना जाता है और इसे भगवान शिव को प्रसन्न करने का तरीका भी माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाते समय आपको जहां एक तरफ कुछ नियमों का पालन करना चाहिए, वहीं कुछ गलतियों से बचना भी चाहिए।
शिव महापुराण में भी उस बात का वर्णन मिलता है कि आपको बेलपत्र चढ़ाते समय कौन सी गलतियां करने से बचना चाहिए जिससे शिव जी की कृपा दृष्टि बनी रहे।
मान्यता यह भी है कि अगर आप सही नियमों का पालन नहीं करते हैं तो शिव जी की पूर्ण कृपा दृष्टि प्राप्त नहीं होती है। आइए आपको बताते हैं ऐसे कौन से नियम हैं जिनका ध्यान आपको शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाते समय रखना चाहिए।
सोमवार या चतुर्दशी को बेलपत्र न तोड़ेंशिव पुराण के अनुसार यदि आप सोमवार या चतुर्दशी के दिन बेलपत्र तोड़ते हैं तो शिव जी की कृपा प्राप्त नहीं होती है। ऐसा माना जाता है कि जब भी आपको शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने हैं और उस दिन सोमवार या चतुर्दशी तिथि है तो आप इन पत्तों को एक दिन पहले ही तोड़कर रख दें। एक दिन पहले तोड़े गए बेलपत्र भी आध्यात्मिक रूप से उतने ही प्रभावशाली होते हैं।
शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाते समय सही पत्ते चुनें
बेलपत्र तोड़ते समय हमेशा ऐसा पत्ता चुनना चाहिए जिसमें तीन पत्तियां एक साथ जुड़ी हों, क्योंकि यह भगवान शिव की त्रिमूर्ति रचना, पालन और विनाश का प्रतीक मानी जाती हैं।
आप भूलकर भी बेल के कटे हुए पत्ते न चुनें और ऐसा बेलपत्र भी न चढ़ाएं जिसमें केवल दो पत्ते मौजूद हों। इस दौरान टहनी तोड़ने से बचें, क्योंकि इसे शिव जी का अनादर माना जाता है। आप हमेशा शिवलिंग पर चढ़ाने के लिए अलग-अलग पत्ते तोड़ें।
शिवलिंग पर कितने बेलपत्र चढ़ाने चाहिए?
शिव पुराण में इस बात के बारे में वर्णन मिलता है कि आपको हमेशा शिवलिंग पर बेलपत्र की सही संख्या में चढ़ाने चाहिए। हमेशा आप बेलपत्र विषम संख्या जैसे 3, 5, 7,11, 21, 51 या 101 बेलपत्र चढ़ा सकते हैं। बेलपत्र चढ़ाने से पहले आप बेलपत्र को अच्छी तरह धो लें। आपको कभी भी गंदे बेलपत्र शिवलिंग पर अर्पित नहीं करने चाहिए।
शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाने का तरीका
ऐसा माना जाता है कि आप जब भी शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाएं हमेशा उल्टी तरफ से ही चढ़ाएं। जिससे इसका चिकना हिस्सा ऊपर की तरफ दिखाई दे और खुरदरा हिस्सा नीचे हो। इसे हमेशा शिवलिंग के ऊपर रखें। इस उपाय से भगवान शिव की विशेष कृपा मिलती है।
अगर आप भी शिवलिंग पर बेलपत्र चढ़ाती हैं तो आपको यहां बताई गलतियों से बचना चाहिए जिससे भगवान शिव की कृपा बनी रहती है।



