Home छत्तीसगढ़ खारून नदी का रौद्र रूप! नहाने उतरा युवक तेज बहाव में समाया,...

खारून नदी का रौद्र रूप! नहाने उतरा युवक तेज बहाव में समाया, सुबह SDRF ने निकाला शव

0

दुर्ग:प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच दुर्ग जिले में बीते तीन दिनों के भीतर डूबने की तीसरी घटना सामने आई है। शनिवार को गनियारी स्थित शिवनाथ नदी में दो बच्चों की डूबने से मौत के बाद अब अमलेश्वर थाना क्षेत्र में खारून नदी में नहाने गए एक युवक की डूबने से जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान टोमेश ध्रुव (22), पिता चुन्नूलाल ध्रुव, निवासी देवपुरी कमल विहार, रायपुर के रूप में हुई है। रविवार को वह अपने 11 दोस्तों के साथ अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव स्थित खारून नदी किनारे पिकनिक मनाने गया था। शाम के समय सभी दोस्त नदी में नहाने उतरे, तभी टोमेश तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में बह गया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और एसडीआरएफ को दी। सूचना मिलते ही जिला सेनानी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान चलाया।

लगातार कई घंटों की मशक्कत के बाद सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि दुर्ग जिले में महज तीन दिनों के भीतर नदी में डूबने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बाद प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों और जलाशयों में न उतरने तथा बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here