Home छत्तीसगढ़ धमतरी में नदी के तेज बहाव में बहा युवक, मछली पकड़ने गया...

धमतरी में नदी के तेज बहाव में बहा युवक, मछली पकड़ने गया था एनिकट के पास; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

0

धमतरी : जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच सिहावा क्षेत्र के सेमरा गांव में एक युवक के तेज बहाव में बह जाने की घटना सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक मछली पकड़ने के लिए नदी के एनीकट पर पहुंचा था। तभी अचानक वह तेज धारा की चपेट में आ गया और लापता हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, लापता युवक की पहचान घोटगांव निवासी धनंजय के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। नदी में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के कारण युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। रेस्क्यू टीम लगातार नदी और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रही है, लेकिन तेज धारा अभियान में बाधा बन रही है।

घटना की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर हैं। ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदी, नालों और एनिकट के पास जाने से बचें तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं।

फिलहाल युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here