रायपुर : राजधानी रायपुर में छात्राओं को सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। डीसीपी यातायात डॉ. अर्चना झा के मार्गदर्शन में लक्ष्मी नारायण कन्या विद्यालय, कालीबाड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 12वीं तक की करीब 250 छात्राओं ने हिस्सा लिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा गहोई की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में एसीपी स्नेहिल साहू ने साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर विस्तार से जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा महिलाओं से जुड़े अपराधों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर क्राइम पोर्टल, 112, पिंक पेट्रोल और अभिव्यक्ति ऐप जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी भी साझा की।
वहीं एसीपी सीमा अहिरवार ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे विद्यालय आने-जाने के लिए केवल QR Code युक्त ऑटो और ई-रिक्शा का उपयोग करें तथा QR Code स्कैन कर वाहन की जानकारी अपने अभिभावकों से साझा करें।
उन्होंने छात्राओं को क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), ITMS और ई-चालान प्रणाली की जानकारी देते हुए कहा कि शहर में यातायात जाम या अन्य समस्याओं की स्थिति में यातायात पुलिस से तत्काल सहायता ली जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से अपने परिवार और समाज में “ट्रैफिक एंबेसडर” की भूमिका निभाने की अपील की गई, ताकि सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे। इस अवसर पर ‘रक्षा-सुरक्षा’ ट्विन सेफ्टी एंजेल ने भी छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
रायपुर पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के लिए भविष्य में भी स्कूलों और कॉलेजों में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।



