रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। महानदी, पैरी और खारुन समेत कई नदियां उफान पर हैं। सबसे खास तस्वीर राजिम त्रिवेणी संगम से सामने आई है, जहां महानदी का जलस्तर बढ़ने से प्रसिद्ध बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर वर्षों बाद पानी से घिर गया है।
गरियाबंद जिले में पिछले करीब 60 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते हालात गंभीर बने हुए हैं। सिकासेर जलाशय से करीब 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे राजिम स्थित कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक पानी पहुंच गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट पर है और नदी किनारे बसे गांवों व निचले इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
इधर, पैरी नदी के उफान पर होने से नेशनल हाईवे-130C पर पंटोरा के पास जलभराव हो गया है। इसके चलते रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर यात्री बसों सहित वाहनों की आवाजाही पिछले 24 घंटे से बाधित है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र बैरिकेडिंग कर मार्ग को बंद कर दिया है।
वहीं दंतेवाड़ा जिले के भैरमगढ़ क्षेत्र के पातरपारा में पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सावधानी बरतने की अपील की है।
राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश का असर साफ दिखाई दे रहा है। खारुन नदी का जलस्तर बढ़ने से महादेव घाट पर बने पुल तक पानी पहुंच गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है।



