जनप्रतिनिधियों से संवाद, अधिकारियों की समीक्षा बैठक और विद्यार्थियों से होगा ‘युवा संवाद’; बैकुंठपुर में प्रेसवार्ता भी
कोरिया : छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा श्री नेहरू राम निषाद तथा उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा श्रीमती चंद्रकांति वर्मा 5 से 8 अगस्त 2026 तक कोरिया एवं सूरजपुर जिले के प्रवास पर रहेंगे।
प्रवास के दौरान आयोग द्वारा पिछड़ा वर्ग के जनप्रतिनिधियों से संवाद, जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक तथा पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
आयोग द्वारा जारी प्रवास कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के साथ आयोग के सचिव संकल्प साहू एवं सहायक अनुसंधान अधिकारी श्रीमती अनिता डेकाटे भी प्रवास पर रहेंगी।
5 अगस्त को आयोग का दल शाम 7 बजे बैकुंठपुर पहुंचेगा और सर्किट हाऊस में रात्रि विश्राम करेगा। 6 अगस्त को बैकुंठपुर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से सीधा संवाद होगा। प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बैकुंठपुर स्थित सर्किट हाऊस सभाकक्ष में पिछड़ा वर्ग के जनप्रतिनिधियों से भेंट एवं चर्चा की जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
दोपहर 3 से 4 बजे तक सर्किट हाऊस सभाकक्ष में पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के साथ ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम होगा। इसके बाद शाम 4 से 5 बजे तक प्रेसवार्ता आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों के पश्चात आयोग का दल शाम 6.30 बजे बैकुंठपुर से सूरजपुर के लिए रवाना होगा और शाम 7.30 बजे सूरजपुर पहुंचेगा।



