Home छत्तीसगढ़ रेलवे स्टेशन मनेंद्रगढ़ में जागरूकता की पहल, विधिक टीम ने बचाई नाबालिग...

रेलवे स्टेशन मनेंद्रगढ़ में जागरूकता की पहल, विधिक टीम ने बचाई नाबालिग की सुरक्षा

0

विधिक साक्षरता शिविर में महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और मानव तस्करी पर यात्रियों को किया जागरूक; अकेली मिली बिलासपुर की बालिका को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया

मनेंद्रगढ़ :  जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैकुंठपुर, जिला कोरिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देशानुसार मंगलवार को रेलवे स्टेशन मनेंद्रगढ़ में रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में यात्रियों को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा मानव तस्करी के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई।

अधिकार मित्र (PLV) अंजनी यादव ने महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न, बच्चों के अधिकारों, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। वहीं अधिकार मित्र अजय विश्वकर्मा ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी।

रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक बी.के. चौधरी एवं उप निरीक्षक अर्जुन सिंह ने मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों से बचाव के लिए यात्रियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से यदि एक भी नाबालिग को सुरक्षित बचाया जा सके तो यह समाज के लिए बड़ी उपलब्धि है।

शिविर में रेलवे सुरक्षा अधिकारी सुशील कुमार सहित अन्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम से लगभग 35 यात्रियों को लाभ मिला।

अकेली मिली नाबालिग, तत्काल की गई मदद

विधिक जागरूकता कार्यक्रम के दौरान रेलवे स्टेशन मनेंद्रगढ़ में एक नाबालिग बालिका अकेली मिली। जानकारी के अनुसार बालिका बिलासपुर निवासी थी जो ट्रेन का इंतजार कर रही थी। सुरक्षा को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल अधिकारियों के सहयोग से उसे सुरक्षित कार्यालय में बैठाकर काउंसलिंग की गई।

इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से संपर्क कर केस वर्कर टीम को बुलाया गया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए नाबालिग बालिका को चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपुर्द किया गया, ताकि उसे उचित संरक्षण एवं सहायता मिल सके।

इस सराहनीय कार्य में अधिकार मित्र अंजनी यादव (थाना झगड़ाखांड) एवं अजय विश्वकर्मा (थाना मनेंद्रगढ़) ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here