अमन पथ न्यूज़ बालोद से उत्तम साहू : गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़क निर्माण के मुद्दे को लेकर क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस विधायक कुंवर सिंह निषाद ने भाजपा पर विकास के बजाय राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि जिस जर्जर सड़क को लेकर विवाद की स्थिति बनाई जा रही है, उसे वर्तमान भाजपा सरकार ने सत्ता परिवर्तन होते ही निरस्त कर अपने बजट में शामिल ही नहीं किया। इसके बावजूद भाजपा के नेता और कार्यकर्ता इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से तूल देकर क्षेत्र की जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक सामान्य मोबाइल बातचीत को भी राजनीतिक रंग देकर प्रचारित किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है, इसलिए विकास के बजाय विवाद पैदा करने की राजनीति की जा रही है। विधायक ने कहा कि गुण्डरदेही क्षेत्र में सड़क, पुल-पुलिया सहित अधिकांश विकास कार्य कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत और पूर्ण हुए हैं, जिनका लाभ आज क्षेत्र की जनता को मिल रहा है।
विधायक कुंवर सिंह ने कहा कि क्षेत्र की बदहाल सड़कों और लंबित विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस जल्द ही चरणबद्ध आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेगी। इसकी शुरुआत 10अगस्त को होगी ।उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
उन्होंने कहा कि केवल कागजों में विकास के दावे करने से जनता का भला नहीं होगा। प्रदेश सरकार को जमीनी स्तर पर विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध कराकर उन्हें समय पर पूरा कराना चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी सड़क सहित जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प व्यक्त किया हैं।



