Home छत्तीसगढ़ जिले की कानून व्यवस्था को लेकर बैठक सम्पन्न: कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक...

जिले की कानून व्यवस्था को लेकर बैठक सम्पन्न: कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त एक्शन के निर्देश

0

एमसीबी :  जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सुश्री संतन देवी जांगड़े तथा पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने संयुक्त जिला कार्यालय भवन के वीसी कक्ष में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। बैठक में आगामी त्योहारों, विश्व आदिवासी दिवस, सावन सोमवार, पर्यटन स्थलों की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, सीमावर्ती चेकपोस्टों की निगरानी, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में सबसे पहले कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने सभी अधिकारियों को आगामी त्योहारों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, जिले की सीमाओं पर स्थापित चेक पोस्टों में सघन निगरानी रखने, वाहनों की नियमित जांच करने तथा खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए निरंतर अभियान चलाने तथा सभी अधिकारियों को पूरी कर्तव्यनिष्ठा एवं समन्वय के साथ कार्य करने के लिए कहा।

कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर घूम रहे आवारा पशुओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिले में उपलब्ध काउ कैचर की जानकारी ली तथा सभी एनएच पर घूम रहे पशुओं को पिपरिया गौठान में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पशु मालिकों की पहचान सुनिश्चित करने, पशुओं की नंबरिंग कराने तथा लापरवाही बरतने वाले पशुपालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएच एवं चिरमिरी के 36 मोड़ सहित अन्य स्थानों से अतिक्रमण हटाने, हेल्पलाइन नंबरों के साइन बोर्ड लगाने तथा सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए कोटाडोल, चिरमिरी एवं मनेंद्रगढ़ में लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने, अवैध पार्किंग हटाने, शहरों में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने तथा समूहों के माध्यम से पार्किंग संचालन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी वाहनों के अनावश्यक प्रवेश को नियंत्रित करने, 112 आपातकालीन सेवा के साथ सभी विभागों के बेहतर समन्वय तथा नागपुर एवं लाई क्षेत्र में जेब्रा क्रॉसिंग का निर्माण कराने के भी निर्देश दिए।

इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सिद्धबाबा मंदिर सहित जिले के सभी प्रमुख मंदिरों में सावन के तीसरे एवं चौथे सोमवार को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ स्वास्थ्य विभाग एवं फायर ब्रिगेड की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चिरमिरी में आयोजित होने वाले बड़े आयोजनों के लिए पूर्व से सुरक्षा व्यवस्था का आकलन कर व्यापक तैयारी करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर बैठे आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पशुओं में रेडियम पट्टी लगाने, पशुपालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई एवं जुर्माना लगाने तथा आवश्यक होने पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृतधारा, कर्मघोंगा एवं रमदहा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले तथा उपद्रव फैलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्यटन स्थलों पर किसी भी प्रकार का नशा करना दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

एसपी रत्ना सिंह ने नशा मुक्ति अभियान के तहत व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश देते हुए जिले के सभी बदमाशों एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्रवाई करने तथा बाउंड ओवर का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई कर जेल भेजने के निर्देश दिए। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग रोकने के लिए बिज्जू ढाबा एवं कठौतिया ढाबा क्षेत्र में विशेष कार्रवाई करने, सड़क किनारे खड़े वाहनों पर भारी चालान लगाने, जनकपुर में संचालित बसों की फिटनेस जांच कराने तथा आवश्यकतानुसार वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। सभी संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध पार्किंग समाप्त करने के लिए कहा गया।

पुलिस अधीक्षक ने 9 अगस्त को आयोजित होने वाले विश्व आदिवासी दिवस कार्यक्रम के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ढाबों में अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई, मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच तथा स्कूलों के आसपास अवैध रूप से बिक रहे तंबाकू, गुटखा, सिगरेट एवं अन्य नशीले पदार्थों के विरुद्ध कोटपा एक्ट के तहत अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अगले सोमवार से एसडीएम, तहसीलदार, आबकारी एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जिलेभर में एक साथ विशेष कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे, अपर कलेक्टर अनिल कुमार सिदार, उप निरीक्षक विकास सिंह, निरीक्षक मनीष धुर्वे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे, नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती, शेष नारायण सिंह, रविंद्र कुर्रे, तर्सिला टोप्पो, सीएसपी चिरमिरी रवि कुमार कुजूर, तहसीलदार श्रुति धुर्वे, सतरूपा साहू, इंदिरा मिश्रा सहित राजस्व, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here