Home छत्तीसगढ़ बिना नंबर की स्कूटी से शराब तस्करी का पर्दाफाश, 105 पाव अंग्रेजी...

बिना नंबर की स्कूटी से शराब तस्करी का पर्दाफाश, 105 पाव अंग्रेजी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

0

मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 92 हजार 680 रुपये का मशरूका जब्त; स्कूटी राजसात की प्रक्रिया शुरू

मनेन्द्रगढ़/एमसीबी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की स्कूटी से अंग्रेजी शराब की तस्करी कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 105 पाव अंग्रेजी शराब सहित कुल 92 हजार 680 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती रत्ना सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन एवं सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले के नेतृत्व में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बिना पंजीयन नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी से चनवारीडांड की ओर से मनेन्द्रगढ़ की तरफ अवैध अंग्रेजी शराब लेकर आ रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने फॉरेस्ट डिपो के आगे मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी में रखे प्लास्टिक बैग से रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब के 28 पाव एवं मैकडॉवेल्स नंबर-1 के 77 पाव, कुल 105 पाव (180 एमएल) अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 18.900 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 22 हजार 680 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर स्कूटी भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में कुल 92 हजार 680 रुपये का सामान जब्त किया गया है। जब्त वाहन के विरुद्ध राजसात की प्रक्रिया भी प्रारंभ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह धुर्वे (22 वर्ष), निवासी ग्राम मेढ़ाखार करपा थाना राजेंद्रग्राम जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश), हाल मुकाम चनवारीडांड तालाब के पास के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले, उपनिरीक्षक जयालक्ष्मी, सहायक उपनिरीक्षक चेतन राजवाड़े, प्रधान आरक्षक जय यादव, आरक्षक दीप नारायण तिवारी (सायबर सेल) सहित सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एमसीबी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here