मनेन्द्रगढ़/खोंगापानी : पवित्र सावन मास के दूसरे सोमवार के अवसर पर मध्यप्रदेश के राजनगर से सिद्धबाबा धाम की ओर जा रहे श्रद्धालुओं का एकतानगर वार्ड क्रमांक 04 खोंगापानी में आत्मीय स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व पार्षद जगदीश मधुकर ने अपने साथियों के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करते हुए उन्हें पानी के पाउच और बिस्किट का वितरण किया।सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सेवा कार्य में जुटे लोगों ने मार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें आवश्यक खाद्य और पेय सामग्री उपलब्ध कराई। उमस भरी गर्मी और लंबी दूरी तय कर रहे श्रद्धालुओं के लिये यह सेवा राहत देने वाली रही।
पूर्व पार्षद जगदीश मधुकर ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और सेवा का पवित्र अवसर है। श्रद्धालुओं की सेवा करना भी भगवान शिव की सेवा के समान है। राजनगर से सिद्धबाबा धाम की यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसी भावना से पानी और बिस्किट वितरण का आयोजन किया गया।उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राओं के दौरान राहगीरों और श्रद्धालुओं की छोटी सी मदद भी उनके लिये बड़ी राहत बन सकती है। समाज में सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिये सभी लोगों को अपनी क्षमता के अनुसार ऐसे जनसेवा कार्यों में सहभागी बनना चाहिये।इस अवसर पर जगदीश मधुकर के साथियों ने भी पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। श्रद्धालुओं ने स्वागत और सेवा के लिये आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। सावन सोमवार के मौके पर आयोजित इस सेवा कार्य ने क्षेत्र में ‘सेवा ही सबसे बड़ा धर्म’ का संदेश दिया।इस अवसर पर पूर्व पार्षद जगदीश मधुकर, कन्हैया दुबे, प्रहलाद सिंह, फिरोज सिद्दीकी, अशोक साहू, राजू श्रीवास, सुरेश साहू, कमलेश पाठक, किरण कुमार चौधरी, अमर जांगडे, दीपक पासवान, मयंक मिश्रा, विकास बंजारे, आदित्य श्रीवास, लक्की केंवट, कीर्तन और वार्डवासी उपस्थित रहे।



