Home छत्तीसगढ़ खड़गवां-चिरमिरी के बीच सफर होगा सुगम: भुकभुकी-चिरमिरी डबल लेन सड़क के लिए...

खड़गवां-चिरमिरी के बीच सफर होगा सुगम: भुकभुकी-चिरमिरी डबल लेन सड़क के लिए ₹1184.86 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति

0

​स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से मिली बड़ी सौगात; विष्णुदेव सरकार ने दी हरी झंडी

​चिरमिरी। खड़गवां, दूबछोला और चिरमिरी के निवासियों के लिए आवागमन अब बेहद आसान और त्वरित होने जा रहा है। क्षेत्र के विधायक व प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की दूरदर्शी पहल पर छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने भुकभुकी -चिरमिरी सड़क निर्माण हेतु 1184.86 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को एक नया आयाम मिलेगा और स्थानीय व्यापार व विकास की गति में तेजी आएगी।

​सोनावनी नाका के लंबे फेरे से मिलेगी स्थायी मुक्ति
​पूर्व में खड़गवां और आसपास के ग्रामीणों को चिरमिरी पहुंचने के लिए सोनावनी नाका होकर एक लंबा और समय खपाने वाला मार्ग तय करना पड़ता था। जनता की इस समस्या को समझते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने पहले विधायक कार्यकाल के दौरान भुकभुकी-चिरमिरी मार्ग का निर्माण कराया था।हालाँकि, यह मार्ग सिंगल लेन होने के कारण इस पर भारी वाहनों की आवाजाही में काफी दिक्कतें आ रही थीं। अब इसके जीर्णोद्धार की स्वीकृति मिलने से यह मार्ग सभी प्रकार के छोटे-बड़े और व्यावसायिक वाहनों के लिए सुचारू रूप से खुल जाएगा।

​वर्जन
​क्षेत्र की जनता की सुगमता और सर्वांगीण विकास हमारी पहली प्राथमिकता है। पूर्व में सिंगल लेन सड़क बनने से चिरमिरी और खड़गवां की दूरी तो कम हुई थी, लेकिन भारी वाहनों के आवागमन में काफी परेशानी आ रही थी। जनता की इस मांग को देखते हुए हमने इसे डबल लेन बनाने का प्रयास किया। मैं माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव जी का सहदय आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 1184.86 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। यह सड़क बनकर तैयार होने के बाद क्षेत्र के व्यापार और परिवहन को एक नई दिशा मिलेगी।

श्यामबिहारी जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री

​विकास के खुलेंगे नए द्वार

डबल लेन सड़क बनने से खड़गवां, दूबछोला और चिरमिरी के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। भारी वाहनों के सुगम आवागमन से क्षेत्र के स्थानीय व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इस सौगात के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here