Home व्यापार जुलाई में लगातार 9वें महीने खुदरा महंगाई में इजाफा, फिर बढ़ी इंफ्लेशन...

जुलाई में लगातार 9वें महीने खुदरा महंगाई में इजाफा, फिर बढ़ी इंफ्लेशन की टेंशन!

0

जुलाई के महीने में महंगाई ने एक बार फिर जनता की जेब पर दबाव बढ़ा दिया है. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, देश की खुदरा महंगाई दर जून के 4.38% से बढ़कर जुलाई में 4.45% पर पहुंच गई है. यह लगातार दूसरा महीना है जब महंगाई दर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के 4% के तय लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है. इस बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ी वजह खाने-पीने के सामान की आसमान छूती कीमतें हैं. जब भी खाने के सामान के दाम बढ़ते हैं, तो इसका सीधा असर हर घर की रसोई और हर महीने के बजट पर पड़ता है. यह नया आंकड़ा इस साल लागू हुई नई सीपीआई सीरीज (आधार वर्ष और बदले हुए खपत बास्केट) के बाद का सबसे उच्चतम स्तर भी है.

रसोई का बजट बिगाड़ने वाली चीजें:- अगर हम सिर्फ खाने-पीने की चीजों की बात करें, तो कंज्यूमर फूड प्राइस इंडेक्स (CFPI) जून के 5.32% से उछलकर जुलाई में 5.52% हो गया है. दिलचस्प बात यह है कि शहरों (5.05%) के मुकाबले गांवों (5.79%) में खाने-पीने की चीजें ज्यादा महंगी हुई हैं. इस बार आपकी थाली से प्याज, लहसुन और अदरक की दूरी बढ़ने वाली है. आंकड़ों पर नजर डालें तो जुलाई में प्याज की महंगाई दर 4.73% से सीधे 22.54% तक पहुंच गई है. लहसुन की महंगाई 17.93% से बढ़कर 35.36% हो गई है, जबकि अदरक की कीमतों ने तो सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 50.41% से छलांग लगाकर 83.62% की जबरदस्त तेजी दर्ज की है.

ट्रांसपोर्ट से लेकर ब्यूटी प्रोडक्ट तक की मार:- महंगाई की यह मार सिर्फ खाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपके रहन-सहन के कई दूसरे खर्चों पर भी इसका असर दिख रहा है. सफर करना भी अब थोड़ा महंगा हो गया है क्योंकि ट्रांसपोर्ट महंगाई दर 4.31% से बढ़कर 4.43% हो गई है. माल ढुलाई सेवाओं में यह आंकड़ा 7.77% दर्ज किया गया है. दूसरी तरफ, आवास (हाउसिंग) महंगाई दर 2.22% रही. अगर आप बाहर खाना खाने के शौकीन हैं या कपड़े खरीदने का प्लान बना रहे हैं, तो बता दें कि रेस्तरां व आवास सेवाओं में 7.72% और कपड़ों-जूतों में 3.38% की महंगाई देखी गई है. सबसे ज्यादा चौंकाने वाला आंकड़ा पर्सनल केयर, सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी चीजों का है, जहां महंगाई 14.77% के उच्च स्तर पर बनी हुई है. इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं में 1.34% और शिक्षा सेवाओं में 3.64% की दर से महंगाई बढ़ी है.

आरबीआई का नया अनुमान समझिए:- गौरतलब है कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने 5 अगस्त को अपनी बैठक में कुछ अहम बातें कहीं. वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी को देखते हुए, आरबीआई ने वित्त वर्ष 2026-27 (FY27) के लिए अपने महंगाई अनुमान को 5.1% से घटाकर 5% कर दिया है. केंद्रीय बैंक का मानना है कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में महंगाई अपने चरम पर पहुंचेगी, लेकिन उसके बाद धीरे-धीरे इसमें कमी आनी शुरू हो जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here