कोमल ग्वाला अमनपथ ब्यूरो चीफ जशपुर : 21 अगस्त को सनातन धर्म संत समाज आश्रम श्रीकोट (जिला बलरामपुर) के नेतृत्व में बिन गंगा से प्रारंभ हुई विशाल कांवर यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ लगातार आगे बढ़ रही है। यात्रा के तीसरे दिन हजारों की संख्या में कांवरिया सुलेसा में एकत्र हुए, जहां भव्य आरती का आयोजन किया गया।
आरती के दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव, बोल बम एवं ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। इसके पश्चात हजारों कांवरिया अपने गंतव्य कैलाश गुफा की ओर रवाना हुए दोपहर की पड़ाव पकरी टोला सरधा पाठ रात्रि विश्राम मुढ़ी में होगा ।
यात्रा के दौरान रात्रि में भजन-कीर्तन, शिव महिमा का गुणगान तथा ॐ नमः शिवाय का अखंड जाप चलता रहा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु कंधों पर कांवर लेकर भगवान शिव के जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे।
यह कांवर यात्रा सोमवार को कैलाश गुफा पहुंचकर भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। यात्रा में श्रीकोट, गहीरा, सूरजपुर, बलरामपुर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर शिवभक्ति का संदेश दे रहे हैं।




