आरंग : छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र प्रेषित किया है। विधानसभा अध्यक्ष की इस पहल से आरंग सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के लोगों में उम्मीद जगी है।
दरअसल, डॉ. रमन सिंह के हालिया आरंग प्रवास के दौरान क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय से चली आ रही इस मांग को उनके समक्ष रखा था। नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन एवं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने औपचारिक चर्चा के दौरान आरंग रेलवे स्टेशन में प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को हो रही परेशानियों से विधानसभा अध्यक्ष को अवगत कराया था। साथ ही आरंग में प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग रखी गई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने त्वरित पहल करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर तीन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की है।
डॉ. रमन सिंह ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि रायपुर जिले के अंतर्गत आने वाले आरंग नगर तथा इसके आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी आबादी निवास करती है। इसके बावजूद आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव नहीं होने के कारण क्षेत्र की जनता को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और विशाखापट्टनम जैसे प्रमुख शहरों की यात्रा के दौरान काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
इन 3 प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग
विधानसभा अध्यक्ष द्वारा केंद्रीय रेल मंत्री को भेजे गए पत्र में निम्नलिखित ट्रेनों के आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई है—
1. कोरबा–विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस — गाड़ी संख्या 18517 / 18518
2. दुर्ग–पुरी इंटरसिटी एक्सप्रेस — गाड़ी संख्या 18426 / 18425
3. हजरत निजामुद्दीन–विशाखापट्टनम समता एक्सप्रेस — गाड़ी संख्या 12807 / 12808
डॉ. रमन सिंह ने रेल मंत्रालय से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में शीघ्र आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि इन ट्रेनों का ठहराव आरंग क्षेत्र की बड़ी आबादी के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगा।
इन प्रमुख ट्रेनों के आरंग में ठहराव से क्षेत्र के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और उपचार के लिए बाहर जाने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही आरंग सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को प्रमुख शहरों तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की इस त्वरित और सकारात्मक पहल पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने उनका आभार व्यक्त किया है। नागरिकों ने विश्वास जताया है कि रेल मंत्रालय द्वारा इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा और आरंग महानदी रेलवे स्टेशन पर इन प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।




