कवर्धा : कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र में मारपीट कर युवक का हाथ फ्रैक्चर करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया है।
कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया भूपत सिंह के निर्देशन में थाना पंडरिया पुलिस द्वारा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आरोपियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पंडरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत शराब भट्ठी के पास स्थित एक दुकान में सामान खरीदने की बात को लेकर विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी साजन सतनामी, लोकेश जांगड़े और पप्पू दाहिरे उर्फ ओंकार ने प्रार्थी संतोष पारधी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
घटना के बाद प्रार्थी की शिकायत पर थाना पंडरिया में अपराध क्रमांक 174/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की।
हाथ में फ्रैक्चर मिलने पर बढ़ी कार्रवाई
विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि मारपीट के कारण प्रार्थी के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की। साथ ही अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय सिन्हा के नेतृत्व में थाना पंडरिया पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कबीरधाम पुलिस ने जिले में अपराधों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपियों के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।




