आरंग : कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन द्वारा घोषित शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 97 पाव देशी मसाला शराब, करीब 17.460 बल्क लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 9,700 रुपये बताई गई है, के साथ बिक्री रकम और शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक माना के मार्गदर्शन तथा आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने की।
अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने बताया कि तामासिवनी निवासी वामन तारक (35) के कब्जे से 20 पाव देशी मसाला शराब और 200 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई।
इसी तरह आरंग के इंदिरा चौक निवासी अमित मिर्धा (35) को मोटरसाइकिल स्प्लेंडर क्रमांक CG 04 JA 7679 में 21 पाव देशी मसाला शराब का कथित रूप से अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। पुलिस ने वाहन और शराब जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
21 पाव शराब के साथ एक और आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार घिवरा, थाना खरोरा निवासी राजू बघेल (30) के कब्जे से 21 पाव देशी मसाला शराब और 300 रुपये बिक्री रकम बरामद हुई।
वहीं, शीतलापारा आरंग निवासी गोवर्धन निषाद (28) और राजकुमार निषाद (40) के कब्जे से संयुक्त रूप से 35 पाव देशी मसाला शराब तथा 500 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई।
दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 406/2026 में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
शुष्क दिवस में बढ़ी मांग का उठाना चाहते थे फायदा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि जन्माष्टमी के शुष्क दिवस के दौरान शराब की मांग बढ़ने का फायदा उठाकर शराब को अधिक कीमत पर बेचने की कोशिश की जा रही थी।
आरंग थाना प्रभारी नरेश साहू ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब, गांजा, जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।




