Home छत्तीसगढ़ घर से लापता 16 वर्षीय नाबालिग बालिका कटनी से दस्तयाब, बिजुरी पुलिस...

घर से लापता 16 वर्षीय नाबालिग बालिका कटनी से दस्तयाब, बिजुरी पुलिस ने दो दिन में खोज निकाला

0

बिजुरी : घर से बिना बताए लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को बिजुरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कटनी से सकुशल दस्तयाब कर लिया। परिजनों की रिपोर्ट पर अपराध दर्ज कर पुलिस ने बालिका की तलाश शुरू की थी। पुलिस की लगातार पतासाजी और प्रयासों के बाद 2 सितंबर को बालिका को कटनी से बरामद करने में सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को नाबालिग बालिका की मां ने बिजुरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादिया ने बताया कि उसके एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। उसकी 16 वर्षीय छोटी बेटी कक्षा 9वीं में अध्ययनरत है। 31 अगस्त की सुबह करीब 8:30 बजे वह हरे रंग का कुर्ता पहनकर घर से बिना बताए कहीं चली गई। परिजनों ने आसपास, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों को आशंका थी कि कोई व्यक्ति बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजुरी पुलिस ने फरियादिया की रिपोर्ट पर धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर पतासाजी की और विभिन्न स्तरों पर जानकारी जुटाई। लगातार किए गए प्रयासों के बाद पुलिस को बालिका के कटनी में होने की जानकारी मिली।

इसके बाद बिजुरी पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 2 सितंबर 2026 को कटनी से नाबालिग बालिका को दस्तयाब कर लिया। पुलिस की तत्परता से लापता बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, सहायक उप निरीक्षक रविकरण पयासी एवं महिला आरक्षक क्रमांक 317 संगम तोमर की विशेष एवं उल्लेखनीय भूमिका रही।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से नाबालिग बालिका के परिजनों ने राहत की सांस ली। बिजुरी पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here