Home छत्तीसगढ़ धमतरी से नेपाल जाने निकला LLB छात्र गायब, बनारस के बाद बंद...

धमतरी से नेपाल जाने निकला LLB छात्र गायब, बनारस के बाद बंद हुआ फोन; प्रयागराज में मिला मोबाइल

0

धमतरी :  छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से नेपाल घूमने निकला 26 वर्षीय युवक अचानक लापता हो गया है। युवक ने आखिरी बार अपने परिजनों से फोन पर बात करते हुए खुद को बनारस से आगे सफर में बताया था। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। करीब दो दिन बाद उसका फोन प्रयागराज के पास एक रेलवे फाटक के नजदीक दूसरे व्यक्ति को मिला। युवक का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं। मामले में कुरूद पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

15 अगस्त को नेपाल जाने निकला था युवक

मामला कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम बिजनापुरी का है। जानकारी के मुताबिक, सेवत कुमार साहू (26 वर्ष) एलएलबी का छात्र है। वह 15 अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे घर से नेपाल घूमने के लिए निकला था।

19 अगस्त को सेवत ने अपने पिता को फोन कर पैसों की जरूरत बताई। इसके बाद पिता ने उसके फोन-पे के जरिए 700 रुपये भेजे। अगले दिन यानी 20 अगस्त को भी परिजनों की युवक से फोन पर बातचीत हुई।

इस दौरान सेवत ने बताया था कि वह बनारस से आगे सफर कर रहा है। लेकिन इसी दिन शाम के बाद उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया।

प्रयागराज के पास मिला मोबाइल, युवक का पता नहीं

परिजनों ने 22 अगस्त को सेवत के मोबाइल नंबर पर दोबारा संपर्क करने की कोशिश की। इस दौरान फोन किसी अमन गुप्ता नामक व्यक्ति ने उठाया।

अमन ने परिजनों को बताया कि यह मोबाइल उसे प्रयागराज जिले के उग्रसेनपुर रेलवे स्टेशन फाटक के पास मिला है। मोबाइल मिलने की जानकारी से परिजनों की चिंता और बढ़ गई, क्योंकि इसके बाद से सेवत से कोई संपर्क नहीं हो सका।

रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश

युवक के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश की। संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई गई, लेकिन सेवत के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।

4 सितंबर तक युवक के घर वापस नहीं लौटने पर उसके पिता ने कुरूद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच

कुरूद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 140(3) के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवक के मोबाइल के आखिरी लोकेशन, उसके सफर के दौरान संपर्क में आए लोगों और प्रयागराज के पास मोबाइल मिलने की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

परिजन युवक के सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं और उसके बारे में किसी भी जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here