Home छत्तीसगढ़ धमतरी में अवैध शराब पर पुलिस का डबल अटैक! महिला समेत 2...

धमतरी में अवैध शराब पर पुलिस का डबल अटैक! महिला समेत 2 गिरफ्तार, 159 पौवा शराब जब्त

0

धमतरी: आगामी त्योहारी सीजन से पहले धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली और भखारा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 159 पौवा देशी शराब जब्त की गई है। जब्त शराब और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 13,760 रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली और भखारा थाना क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई।

पॉइंटर बनकर पहुंचा पुलिसकर्मी, महिला तस्कर गिरफ्तार

सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि नयापारा के शीतला मंदिर गली में एक महिला घर के पीछे गली में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रही है। सूचना की पुष्टि और कार्रवाई के लिए पुलिस ने आरक्षक को सादे कपड़ों में डमी ग्राहक (पॉइंटर) बनाकर भेजा।

पुलिसकर्मी ने 200 रुपए देकर शराब खरीदने के बहाने महिला से संपर्क किया। शराब बिक्री की पुष्टि होते ही पुलिस टीम और महिला पुलिस बल ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार महिला की पहचान चित्ररेखा मानिकपुरी (38), निवासी गार्डन चौक गोकुलपुर, हाल मुकाम शीतला मंदिर गली नयापारा, धमतरी के रूप में हुई है।

उसके कब्जे से 17 पौवा देशी प्लेन, 32 पौवा देशी मसाला (रोमियो) और एक पौवा टेस्ट परचेज शराब, कुल 49 पौवा यानी करीब 8.82 बल्क लीटर शराब जब्त की गई। शराब, बिक्री रकम और टेस्ट परचेज की रकम मिलाकर कुल 4,960 रुपए का मशरूका जब्त किया गया।

मामले में अपराध क्रमांक 212/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में कार्रवाई की गई।

भखारा में शराब भट्टी के पास घेराबंदी

दूसरी कार्रवाई थाना भखारा पुलिस ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि देशी शराब भट्टी के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की और आरोपी को शराब सहित रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी की पहचान प्रकाश साहू (45), निवासी वार्ड क्रमांक 08, भखारा के रूप में हुई है।

उसके कब्जे से 110 पौवा देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 8,800 रुपए है, बरामद की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में कार्रवाई की गई।

159 पौवा शराब जब्त, दोनों आरोपी जेल भेजे गए

दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने 159 पौवा देशी शराब, करीब 28.6 बल्क लीटर, जब्त की है। कुल जब्ती का मूल्य करीब 13,760 रुपए बताया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

त्योहारी सीजन में और सख्त होगी निगरानी

धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए अवैध गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई और तेज की जाएगी।

पुलिस ने असामाजिक तत्वों और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here