Home छत्तीसगढ़ हाथियों के आतंक से मनेन्द्रगढ़ में दहशत, तीन मकान क्षतिग्रस्त; बेघर हुए...

हाथियों के आतंक से मनेन्द्रगढ़ में दहशत, तीन मकान क्षतिग्रस्त; बेघर हुए परिवार

0

मनेन्द्रगढ़ :  छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की लगातार मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पार्क परिक्षेत्र जनकपुर इलाके के थोड़गी गांव में हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद तीन परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है, वहीं पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

तीन घरों को किया क्षतिग्रस्त

बताया जा रहा है कि हाथियों का दल लगातार क्षेत्र में विचरण कर रहा है। इसी दौरान हाथी थोड़गी गांव पहुंच गए और तीन मकानों को नुकसान पहुंचाया। हाथियों के उत्पात से घरों में रखा सामान भी प्रभावित हुआ है। अचानक हाथियों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।

किसानों की फसलों को भी भारी नुकसान

हाथियों ने केवल मकानों को ही नुकसान नहीं पहुंचाया, बल्कि आसपास के खेतों में घुसकर किसानों की फसलों को भी रौंद दिया। ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण खेती-किसानी पर भी संकट मंडरा रहा है। फसल नुकसान से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

तीन परिवार बेघर, ग्रामीणों में खौफ

हाथियों के हमले में तीन घर क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग पर सुरक्षा देने में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की है कि हाथियों के दल को आबादी वाले क्षेत्र से दूर करने के साथ ही गांव में निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी बड़ी जनहानि की घटना को रोका जा सके।

वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने, प्रभावित परिवारों को राहत देने और फसल व मकान नुकसान का उचित आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है। लगातार बढ़ रही हाथियों की आवाजाही के बीच ग्रामीणों को अब किसी बड़ी घटना की आशंका सता रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here