Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, 10 सितंबर को रायपुर समेत 16...

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, 10 सितंबर को रायपुर समेत 16 जिलों में बारिश के आसार

0

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां फिलहाल धीमी पड़ गई हैं। प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और दूसरी ओर तेज धूप के चलते तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर और रायपुर समेत कई इलाकों में गर्मी का असर देखने को मिला। हालांकि मौसम विभाग ने राहत के संकेत देते हुए अगले 72 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश दर्ज की गई। फिलहाल मानसून की गतिविधियां सामान्य बनी हुई हैं। प्रदेश में मौसमी वर्षा सामान्य से करीब 4 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

बिलासपुर और राजनांदगांव सबसे गर्म

रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर और राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बारिश की गतिविधियां कम होने के साथ ही कई क्षेत्रों में धूप और उमस का असर बढ़ा है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार 7 सितंबर को रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रह सकता है। शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

8 से 10 सितंबर तक बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने 8 से 10 सितंबर के बीच प्रदेश के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल सकता है।

8 सितंबर: सरगुजा और बलरामपुर में बारिश की संभावना।

9 सितंबर: सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर के साथ बिलासपुर, कोरबा और बलौदाबाजार में बारिश के आसार।

10 सितंबर: बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है। रायपुर समेत प्रदेश के 16 जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

ऐसे में अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेशवासियों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here