एक क्लिनिक सील, बाकी 151 पर कार्रवाई का इंतजार
छुरिया : विकासखंड छुरिया में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरिया की ओर से तैयार सूची में 152 झोलाछाप डॉक्टरों के नाम दर्ज हैं, लेकिन हाल ही में हुई कार्रवाई में अब तक सिर्फ एक क्लिनिक पर कार्रवाई की गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सूची में शामिल बाकी 151 लोगों पर कार्रवाई कब होगी?एसडीएम की कार्रवाई के दौरान एक झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक की जांच में बड़ी मात्रा में दवाइयां, एक्सपायरी दवाइयां और बच्चों को दी जाने वाली कफ सिरप समेत अन्य दवाइयां मिलने की बात सामने आई। इसके बाद क्लिनिक एवं मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मरीजों के इलाज और डॉक्टर की योग्यता से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की गई।
कई वर्षों से कर रहे इलाज, विभाग को खबर नहीं?
स्वास्थ्य विभाग की सूची में दर्ज नामों के सामने कई लोगों के द्वारा 10, 15, 20, 25 और यहां तक कि 40 वर्षों से चिकित्सा कार्य करने का उल्लेख है। इससे सवाल और गंभीर हो जाता है कि यदि विभाग के पास इन लोगों की जानकारी पहले से मौजूद थी, तो इतने लंबे समय से इनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
एक पर कार्रवाई के बाद अब 151 की बारी?
एसडीएम की कार्रवाई के बाद अब लोगों की नजर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन पर है। क्या सूची में शामिल सभी 152 लोगों के क्लिनिकों की जांच होगी? क्या उनकी शैक्षणिक योग्यता, मेडिकल पंजीयन, दवाइयों के स्टॉक और मरीजों के इलाज की व्यवस्था की जांच की जाएगी?अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के बाद सूची में दर्ज बचे 151 लोगों पर एसडीएम क्या कार्रवाई करेंगे? क्या प्रशासन इन सभी के क्लिनिकों की भी जांच कराएगा या कार्रवाई सिर्फ एक मामले तक ही सीमित रहेगी?152 नामों की सूची सामने होने के बाद अब क्षेत्रवासियों की नजर एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी है।
एसडीएम डोंगरगांव अनिकेत साहू ने कहा कि सूची में शामिल बाकी झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ भी योजनाबद्ध तरीके से सभी मामलों की जांच क्रमवार की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




