Home छत्तीसगढ़ मनेन्द्रगढ़ में बढ़ती चोरी और नशाखोरी पर पार्षद स्वप्निल सिन्हा का हमला,...

मनेन्द्रगढ़ में बढ़ती चोरी और नशाखोरी पर पार्षद स्वप्निल सिन्हा का हमला, पार्षद इमरान खान की भी मांग

0

वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद ने पुलिस गश्त बढ़ाने और नशे के कारोबार पर सख्त कार्यवाही की रखी मांग

मनेन्द्रगढ़ :  शहर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं और बढ़ते नशे के कारोबार को लेकर अब वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद इमरान खान द्वारा इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद स्वप्निल सिन्हा ने भी शहर की सुरक्षा व्यवस्था और नशाखोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया है।पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने कहा कि मनेन्द्रगढ़ शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। वहीं नशे के बढ़ते प्रभाव से असामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक अपने घर, दुकान और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, ऐसे में पुलिस प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ाने की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ-साथ नशे के कारोबार और नशाखोरी के खिलाफ भी लगातार अभियान चलाया जाना चाहिए। केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को ऐसे क्षेत्रों की पहचान कर नियमित निगरानी करनी चाहिए, जहां नशाखोरी या संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं।

स्वप्निल सिन्हा ने पुलिस प्रशासन से शहर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं की जांच में तेजी लाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा किसी भी शहर की पहली प्राथमिकता होती है। यदि चोरी और नशाखोरी जैसी समस्याओं पर समय रहते प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो इसका सीधा असर शहर के माहौल और आम नागरिकों की सुरक्षा पर पड़ेगा।
पार्षद स्वप्निल सिन्हा ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए तथा नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाकर आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम किया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here