हरियाणा : राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) द्वारा आयोजित “She Is a Change Maker” कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भरतपुर-सोनहत विधायक श्रीमती रेणुका सिंह ने छत्तीसगढ़ की अन्य महिला विधायकों के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के प्रथम एवं द्वितीय दिवस आयोजित विभिन्न सत्रों में महिला नेतृत्व, जेंडर रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस, सुशासन एवं प्रभावी जनप्रतिनिधित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस “Gender Responsive Governance” विषय पर आयोजित क्षमता संवर्धन कार्यशाला में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं द्वितीय दिवस के विभिन्न सत्रों में महिला जनप्रतिनिधियों की भूमिका, नेतृत्व क्षमता को और प्रभावी बनाने तथा जनसेवा के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
इस दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए विधायक रेणुका सिंह ने कहा कि “She Is a Change Maker” कार्यक्रम उनके लिए एक बेहद उपयोगी और प्रेरणादायी अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों से आई महिला जनप्रतिनिधियों के अनुभवों को सुनने, विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त करने और शासन-प्रशासन में महिलाओं की प्रभावी भूमिका से जुड़े नए दृष्टिकोण समझने का अवसर मिला।
श्रीमती रेणुका सिंह ने कहा कि महिलाएं केवल बदलाव की सहभागी नहीं, बल्कि बदलाव की नेतृत्वकर्ता भी हैं। ऐसे कार्यक्रम महिला जनप्रतिनिधियों के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करते हैं तथा उन्हें जनता की अपेक्षाओं और आवश्यकताओं के अनुरूप और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा, “कार्यक्रम से मिली सीख और अनुभव निश्चित रूप से मेरे क्षेत्र भरतपुर-सोनहत की जनता की सेवा में उपयोगी होंगे। जनप्रतिनिधि के रूप में हमारा प्रयास होना चाहिए कि हम अधिक संवेदनशीलता, बेहतर समझ और प्रभावी कार्ययोजना के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करें।”
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की सभी 18 महिला विधायकों की सहभागिता ने महिला नेतृत्व और सशक्त जनप्रतिनिधित्व के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को भी प्रदर्शित किया।




