Home छत्तीसगढ़ एकलव्य आवासीय विद्यालय में 10वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,...

एकलव्य आवासीय विद्यालय में 10वीं के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिसर में मचा हड़कंप

0

बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के एक छात्र की मौत से हड़कंप मच गया। छात्र का शव विद्यालय परिसर स्थित उसके कमरे में मिला। घटना की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार, पिता कामता राम के रूप में हुई है। वह ग्राम रीवागहन खेरथा का निवासी बताया जा रहा है।

सुबह पीटी में शामिल नहीं हुआ था छात्र

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विनय कुमार सुबह आयोजित पीटी में शामिल होने नहीं पहुंचा था। पीटी के बाद जब अन्य छात्र वापस विद्यालय परिसर में लौटे, तब कमरे में विनय के नहीं होने की जानकारी हुई।

इसके बाद कमरे में छात्र का शव मिलने से विद्यालय में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल विद्यालय प्रबंधन और पुलिस को दी गई।

पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही डौंडी थाना पुलिस विद्यालय पहुंची और जांच शुरू की। वहीं मामले की सूचना मिलने के बाद सहायक आयुक्त भी मौके पर पहुंचे और विद्यालय प्रबंधन से घटनाक्रम की जानकारी ली।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं

फिलहाल छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक के साथियों और करीबियों से पूछताछ के साथ अन्य परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही छात्र की मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here