Home छत्तीसगढ़ बुंदेली में 10 एकड़ भूमि पर 2000 फलदार एवं औषधीय पौधों का...

बुंदेली में 10 एकड़ भूमि पर 2000 फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण

0

13.91 लाख रुपए की लागत से विकसित होगा फल एवं औषधीय उद्यान, स्वयं सहायता समूह की दीदियों के लिए आजीविका के नए अवसर होंगे सृजित

एमसीबी : जिला पंचायत मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर अंतर्गत जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ के ग्राम पंचायत बुंदेली में ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। यहां 13.91 लाख रुपए की लागत से 10 एकड़ भूमि पर 1000 फलदार एवं 1000 औषधीय पौधों के रोपण का कार्य 9 सितंबर 2026 से प्रारंभ किया गया।ग्राम बुंदेली में बिहान योजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की दीदियों की आजीविका संबंधी मांग को ध्यान में रखते हुए फलदार पौधों के साथ-साथ औषधीय गुणों वाले पौधों का भी रोपण किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य भविष्य में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आजीविका के नए एवं स्थायी स्रोत विकसित करना है।फलदार पौधों में आम, कटहल और अमरूद सहित अन्य प्रजातियां शामिल हैं। वहीं औषधीय एवं उपयोगी पौधों के रूप में बड़ी संख्या में मुनगा, करौंदा और आंवला के पौधे रोपित किए जा रहे हैं। पौधों के विकसित होने के साथ आने वाले समय में फल उत्पादन तथा औषधीय पौधों के आर्थिक उपयोग के माध्यम से ग्रामीणों के लिए आय के नए अवसर सृजित होंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मजबूती मिलने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

दीदियों को सक्रिय भागीदारी के लिए किया प्रोत्साहित
पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने स्वयं सहायता समूह की दीदियों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं को पौधों की नियमित देखभाल, उद्यान के संरक्षण तथा संपूर्ण गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने सक्रियता और सामूहिक प्रयासों से फल एवं औषधीय उद्यान को विकसित करने पर जोर देते हुए औषधीय पौधों के आर्थिक महत्व तथा इनके माध्यम से भविष्य में मिलने वाले आजीविका के अवसरों की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि फल एवं औषधीय उद्यान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में हरियाली के साथ आजीविका और आर्थिक समृद्धि को भी बढ़ावा मिलेगा। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से यह पहल आने वाले समय में ग्रामीण आजीविका का महत्वपूर्ण आधार बन सकती है।

जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रामजीत लकड़ा, जिला पंचायत सदस्य अनीता सिंह, क्षेत्र क्रमांक 15 के जनपद पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह मरकाम, ग्राम पंचायत बुंदेली की सरपंच श्रीमती हेमा रघुनाथ सिंह, ग्राम पंचायत बंजी के सरपंच देव कुमार सिंह तथा पंच श्रीमती पूनम मिंज एवं श्रवण सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा उद्यानिकी विभाग से वरिष्ठ उद्यानिकी विकास अधिकारी अभय गुप्ता, ग्रामीण उद्यानिकी अधिकारी देवासिस कर एवं सहायक संचालक उद्यान विनय त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ग्राम बुंदेली में शुरू की गई यह पहल महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण आजीविका संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ाया गया महत्वपूर्ण कदम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here