Home छत्तीसगढ़ कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने निर्माणाधीन जिला अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज का किया...

कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने निर्माणाधीन जिला अस्पताल और नर्सिंग कॉलेज का किया औचक निरीक्षण

0

निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की दी हिदायत

कोरिया : जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और आम नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने बुधवार को निर्माणाधीन जिला अस्पताल कंचनपुर एवं नवीन बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय के लिए चयनित भवन का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सीजीएमएससी के इंजीनियर एवं ठेकेदार से निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य को पूरी गंभीरता के साथ गुणवत्ता के निर्धारित मापदंडों का पालन करते हुए शीघ्र पूर्ण किया जाए। कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्माण सामग्री और गुणवत्ता का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री, कार्य की गुणवत्ता एवं निर्माण के विभिन्न चरणों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा तकनीकी मानकों एवं निर्धारित गुणवत्ता का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल और बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय जिले के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक अधोसंरचनाएं हैं। इनके निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को आवश्यक संसाधन एवं श्रमिक बढ़ाकर कार्य में अपेक्षित गति लाने के निर्देश दिए।

समस्याओं का तत्काल करें निराकरण
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य की प्रगति की लगातार समीक्षा एवं निगरानी की जाए। निर्माण के दौरान आने वाली किसी भी तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का तत्काल निराकरण करते हुए कार्य को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाया जाए।

उन्होंने कहा कि दोनों संस्थानों के निर्माण पूर्ण होने से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ नर्सिंग शिक्षा के लिए बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी। इसलिए संबंधित अधिकारी निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा दोनों पर विशेष ध्यान दें।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. आयुष जायसवाल, बीएससी नर्सिंग महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती नीरजा, सीजीएमएससी के इंजीनियर, ठेकेदार सहित स्वास्थ्य विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here